शहरवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली, सुबह तेज बारिश हुई और ठंडी हवाएं भी चलीं, तापमान में आई गिरावट
शहरवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली, सुबह तेज बारिश हुई और ठंडी हवाएं भी चलीं, तापमान में आई गिरावट
Post By : Dastak Admin on 30-May-2026 15:19:28
उज्जैन- शहरवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली, सुबह तेज बारिश हुई और ठंडी हवाएं भी चलीं। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई। नौतपा के छठे दिन शनिवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिससे शहरवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। कई दिनों बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले चार दिनों से उज्जैन भीषण गर्मी की चपेट में था। शासकीय जीवाजी वेधशाला के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह का तापमान 27 डिग्री रहा। 28 मई को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 29 मई को यह 40 डिग्री था। न्यूनतम तापमान भी 27 से 28 डिग्री के बीच बना हुआ था, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। इन दिनों सुबह की आर्द्रता 63 से 71 प्रतिशत के बीच और शाम की आर्द्रता 24 से 30 प्रतिशत तक दर्ज की गई थी। हवाओं की गति भी सामान्य बनी हुई थी। लगातार तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा था। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश शुरू होते ही सड़कों पर लोगों ने गर्मी से राहत का अनुभव किया। शहरवासियों ने इसे नौतपा के बीच एक बड़ी राहत बताया। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी पूरी तरह गर्मी से राहत मिलने में समय लग सकता है। शनिवार सुबह मौसम में बदलाव के बाद तापमान में उल्लेखनीय गिरावट महसूस की गई। सुबह करीब 7 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। विभाग ने रात में भी बारिश की 44 प्रतिशत संभावना व्यक्त की है।


