पंचायत एवं नगरीय निकाय फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 2006 के अंतर्गत स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
पंचायत एवं नगरीय निकाय फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 2006 के अंतर्गत स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
Post By : Dastak Admin on 18-May-2026 20:08:01
उज्जैन- सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में पंचायत एवं नगरीय निकाय फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 2006 के अंतर्गत स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टैगोर एवं विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिला अध्यक्ष व प्रतिनिधि उपस्थित थें। बैठक में जिले के अंतर्गत विकासखण्डवार ग्राम पंचायतों, विकास खण्डों और नगरीय निकायों की सामान्य जानकारी प्रदान की गई। उज्जैन जिले में कुल 06 विकास खण्ड है तथा 08 नगरीय निकाय हैं। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन विगत 15 मई को कर दिया गया है। इसके अनुसार उज्जैन जिले में कुल 609 ग्राम पंचायतों में 9 लाख 58 हजार 784 मतदाता हैं। इनमें 4 लाख 84 हजार 563 पुरूष एवं 4 लाख 74 हजार 207 महिलाएं व 14 अन्य मतदाता है। इसी प्रकार नगरीय निकायों में कुल 192 वॉर्ड है। इनमें मतदाता सूची के 15 मई को किये गए प्रारूप प्रकाशन की स्थिति में 6 लाख 96 हजार 993 मतदाता हैं। इनमें 3 लाख 47 हजार 585 पुरुष, 3 लाख 49 हजार 347 महिलाएं व 61 अन्य मतदाता हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में बताया कि मतदाता सूची वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत आगामी 25 मई को दोपहर 3 बजे तक दावे आपत्ति प्राप्त किये जाएंगे। दावे आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तिथि शनिवार 30 मई निर्धारित की गई है। आगामी 18 जून को नगरीय निकाय एवं पंचायतों की अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची का निर्धारित विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा। डुप्लीकेट मतदाताओं के निराकरण के दौरान विवादित प्रकरणों के निराकरण के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी को जिला स्तरिय रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है। फोटो मतदाता सूची के साथ ही आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय एवं पंचायत वार डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जा रही है इसमें ऐसे मतदाताओं की जानकारी होगी जिनके नाम मतदाता सूची में 02 या अधिक स्थानों पर दर्ज है। मतदान केंद्र युक्तियुक्तकरण के दौरान मतदाताओं की संख्या के आधार पर नगर पालिका निगम उज्जैन में 06 नवीन मतदान केंद्र बनाए गए है। विगत प्रकाशन के दौरान नगर पालिका निगम में 568 मतदान केंद्र थे। वर्तमान प्रारूप प्रकाशन के दौरान 574 मतदान केंद्र बनाये गए है। पंचायतों और नगरीय निकायों में दावे आपत्तियों के लिए परिवर्धन दावा (प्रारूप ER-1), विलोपन आपत्ति (प्रारूप ER-2) और संशोधन आपत्ति (प्रारूप ER-3) में दर्ज की जा सकेगी।


