होमगार्ड लाईन में अग्नि सुरक्षा एवं सीपीआर का प्रशिक्षण सम्पन्न
होमगार्ड लाईन में अग्नि सुरक्षा एवं सीपीआर का प्रशिक्षण सम्पन्न
Post By : Dastak Admin on 18-May-2026 20:25:29
उज्जैन- संभागायुक्त श्री आशीष सिंह एवं डीआईजी उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन के निर्देशानुसार उज्जैन के विभिन्न कार्यालयों एवं बंगलों पर गार्ड सुरक्षा में तैनात होमगार्ड एवं पुलिस जवानों को अग्नि सुरक्षा व मेडिकल इमरजेंसी (सीपीआर) का 01 दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को जिला सेनानी होमगार्ड श्री संतोष कुमार जाट के मार्गदर्शन में होमगार्ड लाईन उज्जैन में संचालित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को अग्नि सुरक्षा के विभिन्न उपाय, आग के प्रकार एवं फायरएग्जीग्यूशर का किस प्रकार उपयोग करना है, इसका प्रशिक्षण एसडीईआरएफ एवं नगर निगम की फायर टीम के द्वारा दिया गया। साथ ही घायल व्यक्ति को किस स्थिति में व किस प्रकार सीपीआर देना है, इसका प्रशिक्षण भी पुलिस / होमगार्ड सुरक्षाकर्मियों को एसडीईआरएफ टीम उज्जैन के द्वारा दिया गया। जिला सेनानी श्री संतोष कुमार जाट ने बताया कि उक्त 01 दिवसीय प्रशिक्षण में 40 जवान सम्मिलित हुये। अन्य जवानों को आगामी दिवस में अग्नि सुरक्षा एवं सीपीआर के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा। जवानों के प्रशिक्षण में प्लाटून कमाण्डर श्री दिलीप बामनिया,
सुबेदार श्री निमेश मालवीय, प्लाटून कमाण्डर श्री पुष्पेन्द्र त्यागी, ए.एस.आई. श्री बी.एल. सारेल, सैनिक श्री पंकज मण्डलोई एवं फायरमैन श्री पंकज चौहान उपस्थित रहे।


